फतेहाबाद में गैस लीकेज से हुए धमाके के संबंध में शनिवार को पुलिस ने एजेंसी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शुक्रवार दोपहर शहर के हुडा सेक्टर-3 के एक मकान के बेसमेंट में गैस लीकेज चेक करने के लिए बिजली का बल्ब ऑन किया तो जोरदार धमाके में आस-पड़ोस की कोठियों के शीशे टूट गए, वहीं एक बुजुर्ग दंपत्ति झुलस गया था।
मिली जानकारी के अनुसार फतेहाबाद के हुडा सेक्टर-3 के मकान में कॉमरेड हरनाम सिंह और उनकी पत्नी जसवंत कौर रहती हैं। उनकी रसोई में इस्तेमाल होने वाली एलपीजी के सिलेंडर का कनेक्शन बेसमेंट से करवा रखा है। सिलेंडर बेसमेंट में ही रखे जाते हैं। शुक्रवार को सिलेंडर खत्म होने के बाद नया सिलेंडर लगाया था। दोपहर करीब पौने 12 बजे काम वाली ने सिलेंडर लीकेज का शक जताया। इसके बाद हरनाम सिंह बेसमेंट में चैक करने के लिए गए तो उन्होंने जैसे ही लाइट का स्विच चालू किया तो अचानक से धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास की कोठियों के शीशे टूट गए।
हरनाम सिंह बेसमेंट से जलते हुए बाहर निकले। ऐसा देख उनकी पत्नी जसवंत कौर ने आग बुझाने की कोशिश की। इस तरह दोनों जख्मी हो गए। हरनाम सिंह की हालत गंभीर है, इसके चलते उन्हें हिसार रेफर किया गया है। घटना की सूचना दमकल टीम को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग को बुझाया। उनका कहना था कि सिलेंडर नहीं फटा है। अभी जांच जारी है।