संभागायुक्त श्री आकाश त्रिपाठी ने किया अलीराजपुर जिले का दौरा

संभागायुक्त श्री आकाश त्रिपाठी ने शुक्रवार को इंदौर संभाग के अलीराजपुर जिले का दौरा किया। संभागायुक्त ने अलीराजपुर जिले के ग्राम हरसवाट में मक्का के प्रदर्शन प्लांट का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अधिक से अधिक प्रदर्शन प्लांट लगाकर किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जैविक खाद का उपयोग कर उत्पादकता में वृद्धि हेतु किसानों को प्रोत्साहित और जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने मक्का प्रदर्शन प्लांट के किसान श्री राजेश इंदरसिंह से चर्चा की। यहां समूह की महिलाओं द्वारा तैयार वर्मी कम्पोस्ट जैविक खाद का अवलोकन किया। उन्होंने समूह की महिलाओं को बेहतर ढंग से उक्त खाद को तैयार करके अधिक से अधिक जैविक खाद का उपयोग करने की बात कही। उन्होंने समूह की महिलाओं से वर्मी कम्पोस्ट के तहत जैविक खाद बनाने की पूरी प्रक्रिया को भी जाना। इस अवसर पर उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को जिले में अधिक से अधिक जैविक खाद के उपयोग हेतु किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती सुरभि गुप्ता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री एसके मालवीय, एसडीएम श्री विजय कुमार मंडलोई, डीडीए कृषि श्री केसी वास्केल, आजीविका मिशन डीपीएम सुश्री शीला शुक्ला आदि उपस्थित थे।