नई उमंग और उत्साह के साथ नई ऊंचाईयों को छुएं और अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करें। यह बात कलेक्टर डॉ.मंजू शर्मा ने गुरूवार को कलेक्टर कक्ष में कलेक्ट्रेट भवन का भ्रमण करने आये दिव्यांग छात्रावास के बच्चों से कही। इस अवसर पर अशोकनगर विधायक श्री जजपाल सिंह जज्जी, अपर कलेक्टर डॉ.अनुज रोहतगी, जिला समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र श्री नीरज शुक्ला उपस्थित थे। कलेक्टर डॉ.मंजू शर्मा ने कहा कि दिव्यांग बच्चों ने किसी भी प्रतिभा की कमी नही होती है। वे अपने पूर्ण आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने बच्चों को आशीष देते हुए दुलार किया। साथ ही दिव्यांग बच्चों ऋषिका, करीना अहिरवार, अंकेश लोधी एवं अन्य बच्चों को कलेक्टर की कुर्सी पर बैठाया और उनकी की जिज्ञासाओं का जाना। बच्चों ने कलेक्टर के फोन से अधिकारियों से बात की। कलेक्टर की कुर्सी पर बैठकर दिव्यांग बच्चे काफी खुश हुए। कलेक्टर ने बच्चों के चेहरे की मुस्कुराहट देखते हुए बच्चों से पूछा तो बच्चों ने कहा बडे होकर कलेक्टर बनना चाहते है। उन्होंने जिला मुख्यालय पर दिव्यांग चिकित्सालय तथा स्कूल खोले जाने के संबंध में कलेक्टर को बताया। कलेक्टर ने दिव्यांगों की मांग पर शीघ्र ही तत्संबंधी प्रस्ताव शासन को भेजे जाने की बात कही।
उमंग के साथ नई ऊंचाइयों को छुए बच्चे-कलेक्टर